पालीगंज। नगर बाजार स्थित मंडप मैरेज हॉल, धरहरा में रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की पालीगंज विधानसभा स्तरीय संयुक्त कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पटना जिला अध्यक्ष चंदन यादव ने की। इसमें संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में प्रदेश महासचिव सह पूर्व पालीगंज विधानसभा प्रत्याशी सुनील कुमार यादव, जिला मीडिया प्रभारी अंजनी सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. उमाकांत, प्रदेश सचिव प्रभा पासवान, पालीगंज प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र राम, दुल्हिनबाजार प्रखंड अध्यक्ष राहुल पासवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जिला अध्यक्ष चंदन यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही पालीगंज में संगठन की समीक्षा बैठक कराने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) का कार्यकर्ता पूरे बिहार में सबसे अधिक सक्रिय है। पार्टी अब पालीगंज ही नहीं, पूरे बिहार में पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन का गठन करेगी। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर कम से कम पांच युवा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी, ताकि पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाया जा सके। बैठक में संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

ब्यूरो रिपोर्ट