
दानापुर। राजधानी पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। यह हादसा पाटलिपुत्र स्टेशन जाने वाले मार्ग पर पटेल चौक के समीप हुआ, जहां एक पिकअप वाहन और बाइक की टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृत युवक की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के भागीरथी लाइन निवासी विकास कुमार सिन्हा (36) के रूप में हुई है। वह सोभाकांत प्रसाद के पुत्र बताए जाते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना पुलिस और सगुना यातायात थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विकास कुमार सिन्हा बाइक से पाटलिपुत्र स्टेशन की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक पिकअप वाहन भी उसी दिशा में चल रहा था। बताया जाता है कि पटेल चौक मोड़ के पास अचानक पिकअप चालक ने वाहन रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
सगुना यातायात थाना के एएसआई रणधीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक पिकअप वाहन से टकरा गई थी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
