
पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के अलबक्शपुर गांव में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5000 लीटर से अधिक अर्धनिर्मित देशी शराब को नष्ट कर दिया। छापेमारी के दौरान शराब बनाने के लिए संचालित कई भट्ठियों को भी ध्वस्त किया गया।
गौरीचक थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षणरत आईपीएस सुषमा सागर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में पुलिस टीम ने जमीन के अंदर डब्बों में छिपाकर रखी गई अर्धनिर्मित शराब को बाहर निकालकर मौके पर ही बहा दिया। पुलिस को छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में जावा, महुआ और गुड़ भी मिला, जिसका इस्तेमाल देशी शराब बनाने में किया जा रहा था। इन सभी सामग्रियों को भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 100 लीटर तैयार देशी शराब भी बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार शराब बनाने के लिए कच्चा माल और अर्धनिर्मित शराब को जमीन में गाड़कर छिपाया गया था।
थानाध्यक्ष सुषमा सागर ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
