
आरा।
भोजपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर एनडीए ने जबरदस्त सफलता हासिल की। सुबह आठ बजे से पोस्ट बैलेट मतों की गिनती शुरू हुई और इसके बाद ईवीएम वोटों की गिनती में तेजी आई। आरा, बड़हरा, संदेश, तरारी, अगिआँव, जगदीशपुर और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 82 प्रत्याशियों के मतों की गिनती में सुबह दस बजे के बाद ही रुझान आने शुरू हो गए। एनडीए की तरफ से भाजपा ने आरा, बड़हरा, तरारी, अगिआँव और शाहपुर सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे, जबकि जगदीशपुर और संदेश सीट पर जदयू ने प्रत्याशी उतारे। इसके मुकाबले महागठबंधन के राजद ने जगदीशपुर, संदेश, बड़हरा और शाहपुर में प्रत्याशी उतारे, वहीं अगिआँव सीट पर भाकपा (माले) ने अपने उम्मीदवार का मैदान में नामांकन कराया। कुल 82 प्रत्याशियों में केवल चार महिला उम्मीदवार थीं, जिसमें जनसुराज पार्टी की पद्मा ओझा शाहपुर से उम्मीदवार बनीं। बड़हरा से काजल कुमारी, खुशबू कुमारी तथा संदेश से संध्या कुमारी ने निर्दलीय पर्चा भरा, लेकिन खुशबू कुमारी का नामांकन निरस्त हो गया।
संदेश और बड़हरा सीटों पर कड़ी टक्कर
संदेश विधानसभा क्षेत्र में राधाचरण शाह (एनडीए) ने मात्र 27 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 80,598 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी दीपू सिंह को 80,571 मत मिले। इस सीट पर जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी राजीव रंजन राज को 6,040 मत मिले, मुकेश सिंह को 5,399 और नोटा को 4,160 मत मिले। बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राघवेंद्र प्रताप सिंह ने 79,593 मत प्राप्त कर 14,403 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी राजद के अशोक कुमार सिंह उर्फ राम बाबू सिंह को 65,190 मत मिले। इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी सूर्यभान सिंह को 9,268 मत मिले, जबकि पूर्व विधायक सरोज यादव ने पार्टी से बगावत कर 8,984 मत प्राप्त किए। नोटा को 3,471 मत मिले। इस तरह दोनों सीटों पर जीत के अंतर ने चुनाव को बेहद रोचक बना दिया।
आरा और अगिआँव में एनडीए की बड़ी बढ़त
आरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संजय सिंह टाइगर ने भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 94,201 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी भाकपा (माले) के क्यामुद्दीन अंसारी को 74,620 मत प्राप्त हुए। जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉक्टर विजय गुप्ता को 5,800 मत मिले, वहीं 4,154 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। अगिआँव सीट पर भाजपा के महेश पासवान ने मात्र 95 मतों के अंतर से बाज़ी मारी। उन्हें 69,412 मत मिले, जबकि पूर्व विधायक एवं माले नेता शिवप्रकाश रंजन को 69,317 मत मिले। इस सीट पर जनसुराज पार्टी के रमेश कुमार को 3,882 मत मिले और 3,631 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया।
तरारी, जगदीशपुर और शाहपुर में एनडीए का दबदबा
तरारी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार विशाल प्रशांत ने 11,464 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 96,887 मत प्राप्त हुए, जबकि भाकपा (माले) के मदन सिंह को 85,423 मत मिले। नोटा को 4,078 मत मिले। जगदीशपुर सीट पर जदयू के भगवान सिंह कुशवाहा ने 18,193 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 92,974 मत मिले, जबकि राजद के पूर्व विधायक राम विसुन सिंह के पुत्र कुणाल किशोर को 74,781 मत मिले। नोटा के लिए 3,955 मत पड़े। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के राकेश रंजन ओझा 15,225 मतों के अंतर से विजयी हुए। उन्हें 88,655 मत मिले, जबकि राजद के राहुल तिवारी को 73,430 मत मिले। जनसुराज पार्टी की पद्मा ओझा को 3,948 मत प्राप्त हुए और 2,006 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
पिछले चुनावों के आंकड़ों से तुलना और राजनीतिक परिदृश्य
अगर 2020 के विधानसभा चुनावों से तुलना की जाए तो संदेश सीट पर किरण देवी (राजद) को 79,599 मत प्राप्त हुए थे और विजयी घोषित किया गया था। बड़हरा में भाजपा के राघवेंद्र प्रताप सिंह ने 76,182 मतों से जीत हासिल की थी, जबकि राजद के सरोज यादव को 71,409 मत मिले थे। आरा में अमरेंद्र प्रताप सिंह को 71,242 मत मिले थे और कयामुद्दीन अंसारी को 68,240 मत मिले थे। अगिआँव में भाकपा (माले) के मनोज मंजिल ने 86,327 मतों से जीत दर्ज की थी। तरारी में सुदामा प्रसाद (माले) को 71,000 मत मिले थे, जबकि निर्दलीय नरेंद्र कुमार पांडेय को 60,000 मत प्राप्त हुए थे। जगदीशपुर में राम विसुन सिंह (राजद) को 65,293 मत मिले और लोजपा के श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को 43,779 मत मिले थे। शाहपुर में राजद के राहुल तिवारी को 62,000 मत मिले थे। इस तरह, इस बार के चुनाव में एनडीए ने भोजपुर में बड़ी बढ़त बनाई और राजनीतिक समीकरणों में स्पष्ट बदलाव दिखाया।
ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी
