
आरा (भोजपुर)।
आरा शहर के दक्षिणी हिस्से, ज़ीरो माइल क्षेत्र में जल-जमाव की समस्या का जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। यह इलाका निम्न भूभाग होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लंबे समय से पानी भराव की समस्या झेल रहा था। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने जानकारी मिलते ही बुडको और आरसीडी के अधिकारियों को मौके पर भेजकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुडको की टीम ने नाला निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है और सक्शन मशीनों से लगातार पानी निकासी की जा रही है। साथ ही, आरसीडी की टीम ने पाइप लगाकर अस्थायी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि काम समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।
जिला प्रशासन का कहना है कि नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद ज़ीरो माइल क्षेत्र में जलजमाव की समस्या स्थायी रूप से खत्म हो जाएगी। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट : अनिल कुमार त्रिपाठी