
पटना।
स्वतंत्रता दिवस की आहट के साथ राजधानी में देशभक्ति का जोश चरम पर है। इसी कड़ी में सीमांत मुख्यालय एस.एस.बी. पटना की ओर से बुधवार सुबह “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा बाइक और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे सीमांत मुख्यालय परिसर से इस रैली को सशस्त्र सीमा बल के सीमांत महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सैकड़ों बाइक और साइकिल पर सवार एस.एस.बी. के अधिकारी, जवान और स्थानीय युवाओं ने तिरंगा थामे पूरे जोश के साथ देशभक्ति के नारों से पटना की सड़कों को गूंजा दिया। शहरवासियों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करते हुए रैली ने राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश फैलाया।

रैली के दौरान रास्ते भर लोगों की आंखों में गर्व और उत्साह झलकता रहा। प्रतिभागियों ने “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ आज़ादी के अमृत महोत्सव का महत्व आमजन तक पहुंचाया। इस मौके पर सीमांत महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल ने कहा, “तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि हमारे सम्मान, त्याग और एकता का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा लहराना, देश के प्रति हमारे प्रेम और जिम्मेदारी का संदेश है।” इस पहल ने न केवल राजधानी में देशभक्ति की लहर पैदा की, बल्कि आने वाले स्वतंत्रता दिवस के लिए माहौल को और भी गरमाहट से भर दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट