
पटना।
बिहार खेल जगत के लिए यह सप्ताह ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार राजगीर के अत्याधुनिक खेल परिसर में 9 और 10 अगस्त को आयोजित होने जा रही एशिया रग्बी अंडर-20 रग्बी 7s चैंपियनशिप 2025 में भारत की पुरुष और महिला रग्बी टीमों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। खास बात यह है कि बिहार की चार महिला और दो पुरुष खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में चयनित हुए हैं, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
भारतीय महिला टीम में बिहार की आरती कुमारी, अंशू कुमारी, अल्पना कुमारी और गुरिया कुमारी को मौका मिला है, जबकि पुरुष टीम में गोल्डेन कुमार और सागर प्रकाश जैसे युवा सितारे चयनित किए गए हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने इस सफलता को राज्य के खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह चयन न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है और यह आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगा।
भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राहुल बोस ने बताया कि दोनों टीमों का चयन 3 जुलाई से कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के आधार पर किया गया। इस प्रतियोगिता में भारत सहित हांगकांग, चीन, संयुक्त अरब अमीरात, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका, मलेशिया और नेपाल की टीमें हिस्सा ले रही हैं। महिला वर्ग में नेपाल को मलेशिया की जगह शामिल किया गया है। 8 अगस्त को प्रतियोगिता का उद्घाटन राजगीर के कबड्डी हॉल में होगा।
पुरुष टीम की कमान पश्चिम बंगाल के सुमित कुमार रॉय को दी गई है, जबकि करण राजभर उपकप्तान होंगे। महिला टीम का नेतृत्व राजस्थान की भूमिका शुक्ला करेंगी और महाराष्ट्र की तनुश्री भोसले उपकप्तान बनाई गई हैं। कोचिंग स्टाफ में फ्रांसिस्को ‘पाको’ हर्नांडेज़ और कियानो फौरी जैसे अनुभवी विदेशी कोच शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन में भारतीय खिलाड़ी एशिया की दिग्गज टीमों से मुकाबला करेंगे।
यह प्रतियोगिता सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि बिहार के खेल भविष्य के लिए एक नई उम्मीद का नाम बन गई है। इन छह खिलाड़ियों की टीम में मौजूदगी बिहार की मिट्टी से उभरते टैलेंट को राष्ट्रीय पहचान देने वाली मील का पत्थर साबित होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट