
आरा (भोजपुर)।
जन सुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर की तबीयत बुधवार को आरा में अचानक बिगड़ गई। एक रोड शो के दौरान उनकी छाती का बायां हिस्सा कार और गेट के बीच दब गया, जिससे उन्हें तेज दर्द होने लगा। तत्काल प्रभाव से उन्हें एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राहत मिली। इसके बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए।
घटना रमना मैदान में प्रस्तावित सभा से पहले की है। प्रशांत किशोर रोड शो समाप्त कर मंच की ओर जा रहे थे, तभी गाड़ी से उतरते वक्त एक महिला से हल्की टक्कर के बाद उनका संतुलन बिगड़ गया और वे वाहन के गेट व बॉडी के बीच फंस गए। इस टक्कर के कारण छाती में दबाव पड़ा और मंच पर चढ़ने के कुछ ही क्षणों बाद उन्हें असहजता महसूस हुई।
स्थानीय कार्यकर्ताओं और डॉक्टरों की मदद से उन्हें तुरंत पास के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर्स ने आराम की सलाह दी। हालत स्थिर होने पर वे आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए पटना के लिए निकल गए।
जन सुराज के पदाधिकारियों ने बताया कि फिलहाल उनकी तबीयत ठीक है और वे पटना में स्वास्थ्य जांच कराएंगे। प्रशांत किशोर के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
रिपोर्टर: अनिल कुमार त्रिपाठी, शतक न्यूज