
पटना।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। गृह विभाग ने 40 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (डीएसपी) के तबादले की अधिसूचना जारी की है। इस प्रशासनिक reshuffle को चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। राजधानी पटना से लेकर सीमांचल, मगध और तिरहुत तक पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती हुई है ताकि विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा जा सके।
बदलाव की सूची में जमुई के अशोक कुमार दास को औरंगाबाद के दाउदनगर अनुमंडल का डीएसपी बनाया गया है, जबकि पटना विशेष शाखा में कार्यरत औरंगाबाद के आनंद कुमार पांडेय को बेगूसराय भेजा गया है। वहीं बेगूसराय के पंकज कुमार शर्मा अब पालीगंज अनुमंडल डीएसपी 2 की कमान संभालेंगे और सिवान के राजीव चंद्र सिंह को पालीगंज डीएसपी 1 की जिम्मेवारी दी गई। वहीं मुजफ्फरपुर की जिम्मेदारी अब मोतिहारी के सुरेश कुमार संभालेंगे, जो अब तक पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित थे। खगड़िया सदर की कमान अब पटना निवासी पारस साहू के हाथों में होगी, जो पहले मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में थे।
छपरा में भी नेतृत्व बदला गया है। अब पटना के राम पुकार सिंह छपरा सदर में नई भूमिका निभाएंगे, जबकि सीवान के राजकुमार साह को आरा अनुमंडल का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा मुंगेर के राजकिशोर सिंह को पटना सिटी की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। सूत्रों के अनुसार, यह तबादला सूची केवल पहली किस्त है और आने वाले दिनों में पुलिस महकमे में और बदलाव संभव हैं। प्रशासन की कोशिश साफ है—चुनाव से पहले कानून व्यवस्था को एक मजबूत ढांचे में ढालना।
ब्यूरो रिपोर्ट




