बिहटा।

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत बिहटा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जहां डाउन मेन लाइन पर एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की गति धीमी थी, इसी दौरान बुजुर्ग के गिरने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की उम्र लगभग 70 से 75 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उन्होंने उजले रंग की धोती, सफेद कुर्ता और पीला गमछा पहन रखा था।

बिहटा स्टेशन पर हादसे का शिकार अज्ञात बुजुर्ग


घटना की जानकारी मिलते ही बिहटा जीआरपी थानाध्यक्ष आरती सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया। जांच के क्रम में मृतक के कुर्ते की जेब से कुछ रुपये बरामद हुए, हालांकि कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिला है। मृतक के पास से एक जोड़ी चप्पल के अतिरिक्त अन्य कोई वस्तु नहीं मिली है।

थानाध्यक्ष आरती सिंह ने बताया कि “घटना पोल संख्या 571/4 – 6 के बीच हुई है। शव की स्थिति देखकर प्रतीत होता है कि ट्रेन की रफ्तार कम थी और संतुलन बिगड़ने के कारण गिरने से मौत हुई है। मृतक के चेहरे पर खून के निशान हैं, बायां हाथ टूटा है और शरीर पर भी कई जगह गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।”

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। रेल पुलिस की टीम मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्टेशन पर शव को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई, लेकिन अब तक कोई व्यक्ति मृतक की पहचान नहीं कर पाया है। पुलिस आसपास के थानों और क्षेत्रीय लोगों से संपर्क कर मृतक की शिनाख्त में जुटी है।

ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार