पटना।

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के बापू सभागार में 21,391 नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में चयनित जवानों का उत्साह देखते ही बनता था। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 12 नवचयनित पुलिसकर्मियों को मंच पर नियुक्ति पत्र देकर शेष को डिजिटल माध्यम से सौंपा। जवानों ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। वर्ष 2005 में जब उन्होंने पहली बार मुख्यमंत्री पद संभाला था, उस वक्त बिहार पुलिस में स्वीकृत बल 51 हजार था, लेकिन तैनात जवानों की संख्या केवल 42,481 थी। आज वह संख्या बढ़कर 1.10 लाख तक पहुंच चुकी है और लक्ष्य 2.29 लाख जवानों का रखा गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या लगभग 36 हजार हो चुकी है, जो देश में सबसे अधिक है।

सीएम ने बताया कि पुलिस बल की मजबूती के लिए 2006 से ही लगातार भर्ती हो रही है। 2013 में महिलाओं को 35% आरक्षण देने का फैसला हुआ। अब तक 55 हजार पदों को प्रोन्नति के जरिए भरा जा चुका है, वहीं 64 हजार पदों पर सीधी बहाली की प्रक्रिया जारी है। इनमें से 21 हजार से ज्यादा की बहाली आज पूरी हुई है, और शेष 42 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी थाना या पुलिसकर्मी को संसाधनों की कमी न हो। सभी थानों को वाहन और भवन जैसी बुनियादी सुविधाएं दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही यह भी कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों की जनता तारीफ करती है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य मंत्री और वरीय अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम में नवनियुक्त कर्मियों को मद्य निषेध की शपथ दिलाई गई और बिहार पुलिस की कार्यशैली पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।

ब्यूरो रिपोर्ट