अररिया।
अररिया जिले के चर्चित लोक नाट्य कलाकार ओमप्रकाश सोनू को उनके कला जगत में लंबे और उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्लोबल यूनिवर्सिटी ऑफ बोस्टन ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें गोवा के सी बीच स्थित भव्य सभागार में आयोजित समारोह के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में अमेरिका, अफ्रीका, श्रीलंका सहित भारत के विभिन्न राज्यों से विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। यूनिवर्सिटी की ओर से उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि के साथ प्रशस्ति पत्र, मेडल और गाउन प्रदान किया गया। समारोह के दौरान ओमप्रकाश सोनू की सांस्कृतिक सेवाओं और लोकनाट्य परंपरा को जीवंत बनाए रखने की प्रतिबद्धता की सराहना की गई।

डॉक्टरेट सम्मान प्राप्त करने के बाद जैसे ही ओमप्रकाश सोनू शुक्रवार को अररिया पहुंचे, वैसे ही नगरवासियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। नगर परिषद के उपाध्यक्ष गौतम कुमार साह, जस्टिस जुवेनाइल बोर्ड के सदस्य दीपक कुमार वर्मा रिंकू, विकास कुमार झा, पार्षद प्रतिनिधि डब्लू झा और अभिषेक कुमार ने फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। स्टेशन पर ही लोग बड़ी संख्या में जुट गए और ‘अररिया का गौरव’ जैसे नारों से पूरा माहौल उत्साहित हो उठा।

इस उपलब्धि को न सिर्फ ओमप्रकाश सोनू की निजी सफलता बल्कि अररिया जिले की सांस्कृतिक धरोहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि सोनू ने अपनी कला के माध्यम से अररिया की लोकसंस्कृति को देश और दुनिया तक पहुंचाया है। उनके सम्मान से प्रेरित होकर जिले के अन्य कलाकारों को भी आगे बढ़ने की नई दिशा मिलेगी। स्थानीय बुद्धिजीवियों ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया।

ब्यूरो रिपोर्ट