पटना।

बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को पुलिस बल को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 01 अणे मार्ग स्थित अपने आवास से पुलिस के उपयोग के लिए 520 चार पहिया और 98 दो पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सभी वाहनों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से उनकी तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में और तेजी आएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार द्वारा मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंट कर स्वागत से हुई। लोकार्पण समारोह में बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा एवं गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी समेत सरकार और पुलिस महकमे के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित अधिकारियों में मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, पुलिस मुख्यालय के अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, प्रोविजनिंग के एडीजी अजिताभ कुमार, स्पेशल ब्रांच के एडीजी सुनील कुमार, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार और पटना रेंज की पुलिस महानिदेशक गरिमा मलिक शामिल थीं। समारोह को लेकर पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखा गया और इसे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।

ब्यूरो रिपोर्ट