पटना।
बिहार सरकार ने शनिवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। राजधानी पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवकाश कुमार को उनके पद से हटा दिया गया है और उन्हें बिहार सैन्य पुलिस (BMP-1) का समादेष्टा नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति के चलते यह कदम उठाया गया है। अब पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय शर्मा को पटना का नया एसएसपी बनाया गया है। उन्हें राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती दी गई है।

पटना के तीन सिटी एसपी बदले गए
पटना पुलिस में तीन सिटी एसपी के पदों पर भी बदलाव किया गया है। पटना पूर्वी के सिटी एसपी के. रामदास को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में सहायक निदेशक नियुक्त किया गया है। सेंट्रल पटना की एसपी स्वीटी सहरावत को पूर्णिया का नया एसपी बनाया गया है, जबकि पश्चिमी पटना के एसपी सरथ आर.एस. अब सुपौल जिले की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा चंद्रशेखर प्रसाद, जो अब तक पटना में सीआईडी के एसपी थे, उन्हें एसपी (लॉ एंड ऑर्डर), पटना बनाया गया है। भानु प्रताप सिंह को पश्चिमी पटना, परिचय कुमार को पूर्वी पटना और दीक्षा को मध्य पटना का एसपी नियुक्त किया गया है।

राज्यभर में कई जिलों के एसपी बदले, चुनावी तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा बदलाव
इस व्यापक फेरबदल में अन्य जिलों के भी पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। समस्तीपुर के एसपी अशोक कुमार मिश्रा को विशेष शाखा में भेजा गया है। अरविंद प्रताप सिंह को समस्तीपुर और विनीत कुमार को जहानाबाद का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, सुपौल के एसपी शैशव यादव को पटना में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (आधुनिकीकरण) नियुक्त किया गया है। इस बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और कानून-व्यवस्था की समीक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।

ब्यूरो रिपोर्ट