
बिहटा।
भाजपा पटना ग्रामीण द्वारा शुक्रवार को बिहटा के अतुल इन होटल में ‘विकसित भारत के अमृत वर्ष: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाए और प्रदर्शनी व प्रोफेशनल मीटिंग के जरिए योजनाओं की जानकारी दें।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसका कार्यकर्ता होता है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों से अपील की कि वे भाजपा के नए-पुराने कार्यकर्ताओं को संगठित कर “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन करें और सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाएं। पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा अतुल कुमार ने पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को जोड़ने और उनका कार्ड बनवाने का लक्ष्य तय करने की बात कही।
कार्यशाला में पूर्व जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण ही संगठन की मजबूती की पहली कड़ी है। हर कार्यकर्ता को “मेरा बूथ सबसे मजबूत” के सिद्धांत पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर जागरूकता अभियान को समय की जरूरत बताया। कार्यशाला का संचालन अंशुमन कुमार ने किया, जिसमें पार्टी की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यशाला के बाद विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जे जे कॉलेज, बिहटा में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधान पार्षद अनामिका सिंह, शिला प्रजापति, अजीत सिंह, रविन्द्र रंजन, किरण कुमारी, ललन सिंह, पवन तिवारी, ब्रजेश सिंह, तेज नारायण शर्मा, निकेश कुमार, श्रीराम शर्मा, संजय यादव, माधुरी सिन्हा, अनिल पासवान, नूपुर शर्मा, जितेन्द्र यादव, ममता कुशवाहा, बेनी मणि, राकेश कुमार, लंकेश कुमार, दिलकेश कुमार, रणजीत यादव, विरेन्द्र शर्मा, बिहटा नगर मंडल अध्यक्ष लव कुमार, मनोज कुमार और अजित शांडिल्य सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट