बिहटा।

राष्ट्रीय दंत चिकित्सक दिवस के अवसर पर बिहटा पब्लिक स्कूल, बिहटा में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्र के कई नामचीन दंत चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित कर उनकी सेवाओं के प्रति आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम में बिक्रम के प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. मृत्युंजय द्विवेदी, नेता सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रत्युष अंशुमन, डॉ. रौशन भट्ट, डॉ. श्रीतिका, डॉ. लेखक घोष, डॉ. अस्मिता, तथा बिहटा के डॉ. प्रभु सिंह और डॉ. कुमार यादवेस को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह और प्रधान शिक्षिका करिश्मा सिंह की उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह ने कहा कि दंत चिकित्सा का क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दांत न केवल भोजन चबाने के लिए बल्कि किसी व्यक्ति की आयु निर्धारण और समग्र स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए, ताकि वे जीवनभर अपने दांतों को स्वस्थ रख सकें।

विद्यालय की छात्राओं ने चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा और दंत स्वास्थ्य के महत्व को समझा। इस मौके पर शिक्षकों और छात्रों ने भी दंत चिकित्सा और स्वच्छता से संबंधित जागरूकता संदेश साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और सम्मानित चिकित्सकों को धन्यवाद दिया गया।

ब्यूरो रिपोर्ट