भोजपुर को CM नीतीश की बंपर सौगात!

आरा (भोजपुर)।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर जिले के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की। आरा में रिंग रोड के निर्माण से लेकर सड़क चौड़ीकरण, जलनिकासी, बाईपास और ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के विकास जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और सभी लंबित मांगों को पूरा किया जाएगा।

रिंग रोड और नई सड़कों की सौगात:
आरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के तहत दो नई सड़कों का निर्माण और चार सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे आवागमन में आसानी होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

नई सड़कें:
1. असनी से बामपाली पथ

2. पातर से असनी पथ


चौड़ी होने वाली सड़कें:
1. जीरो माइल से असनी पथ

2. जीरो माइल से पातर पथ

3. बामपाली से चंदवा मोड़ होते हुए पकड़ी तक

4. आरण्य देवी मंदिर (आरा) से आरा-बक्सर फोरलेन पथ (वाया आरा-सिन्हा और आरा-बड़हरा)

इसके अलावा, आरा-बबुरा-छपरा मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जाएगा, जिससे इस मार्ग पर ट्रैफिक की समस्या कम होगी और लोगों को निर्बाध यात्रा का अनुभव मिलेगा।

नगर निगम क्षेत्र को जलजमाव से मिलेगी राहत:
आरा शहर में जलजमाव की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत आउटफॉल नाला और संप हाउस का निर्माण किया जाएगा। न्यू पुलिस लाइन से एमपी बाग मोड़ तक नाले का निर्माण होगा, जिससे शहर में जलभराव की समस्या खत्म होगी और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी बड़ी सौगात:
1. बिहिया-जगदीशपुर-पीरो-सिकरहटा पथ पर ओझवलिया पुल से बचरी पुल तक बाईपास बनाया जाएगा, जिससे पीरो के लोगों को ट्रैफिक से राहत मिलेगी।

2. बिहिया चौरस्ता से एनएच-922 तक सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

3. तरारी प्रखंड के ग्राम देव स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर का सौंदर्यीकरण और संग्रहालय का निर्माण कराया जाएगा, जिससे पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

4. चंदवा से गांगी होते हुए धरहरा तक नहर बांध पर सड़क निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा।

5. आरा रेलवे स्टेशन से जज कोठी मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे स्टेशन क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

6. भोजपुर जिले के 10 प्रखंडों में नए प्रखंड सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण किया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।


CM ने दिया भरोसा – ‘भोजपुर में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भोजपुर जिले में पहले ही कई विकास कार्य किए गए हैं, लेकिन जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से भोजपुर जिले में विकास की रफ्तार तेज होगी। खासकर आरा शहर में रिंग रोड और जलनिकासी परियोजना, सड़क चौड़ीकरण और नए बाईपास से यातायात की स्थिति में बड़ा सुधार होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास से लोगों को सुविधा मिलेगी। अब देखना होगा कि ये परियोजनाएं कितनी जल्दी धरातल पर उतरती हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी