पटना।

आज पूरे देश में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में इस खास मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कई अन्य मंत्री भी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 20 शानदार परेड टुकड़ियों ने भाग लिया, जिन्हें राज्यपाल ने सलामी दी। साथ ही, 15 खूबसूरत झांकियां भी प्रदर्शित की गईं।


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गांधी मैदान और इसके आसपास सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। 128 सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। 20 मजिस्ट्रेट और 500 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात थे। आपातकालीन स्थिति के लिए 4 एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी मौके पर मौजूद थे।

प्रवेश और ट्रैफिक प्लान
आम जनता के लिए गेट नंबर 4, 5, 6, और 7 से एंट्री की व्यवस्था है, जबकि झांकियों के लिए गेट नंबर 8 और मीडिया के लिए गेट नंबर 9 रिजर्व किया गया थे। वीआईपी गेट नंबर 10 से प्रवेश कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान गांधी मैदान के आसपास वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, और ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया थे।

राज्यपाल का संबोधन
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने इस अवसर पर बिहार के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है, और ये हमारे विकास के मार्गदर्शक सिद्धांत हैं। उन्होंने बिहार सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि अब तक 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, और 12 लाख नौकरियों और 33 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।

सम्मान समारोह
कार्यक्रम में पूर्णिया के एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती और पटना के मेजर जनरल अवधेश कुमार झा को “अति विशिष्ट सेवा मेडल” से सम्मानित किया गया। दोनों को बिहार सरकार ने 3.5 लाख रुपये और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

गौरव का दिन
गणतंत्र दिवस का यह कार्यक्रम देश की गौरवशाली संसदीय प्रणाली, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। गांधी मैदान में उमड़े हजारों लोग इस आयोजन को ऐतिहासिक बना रहे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट राजीव रंजन