
आरा (भोजपुर)।
कृषि भवन,सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो कि जिले में पहली बार डिजिटल फसल सर्वे की शुरुआत के रूप में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी शत्रुघ्न साहू द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक द्वारा किया जाएगा। इस सर्वे में कुल 10 लाख 1296 प्लॉट का सर्वे किया जाएगा, जिसका समापन 31 जनवरी 2025 तक होना निर्धारित है। इस अवधि के दौरान, अनुमंडल स्तर पर नोडल पदाधिकारी के रूप में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी और जिले स्तर पर सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण नोडल पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे। प्रत्येक प्लॉट का सर्वे करने पर ₹ 5 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, यानी प्रति प्लॉट ₹5 का भुगतान किया जाएगा। इस सर्वे के माध्यम से जिले में सभी प्रकार की फसलों के वास्तविक आच्छादन रकबे की जानकारी प्राप्त की जाएगी, जिससे भविष्य में कृषि विभाग द्वारा कई योजनाएं इसी सर्वे के आधार पर बनाई जा सकेंगी।डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य को संपन्न करने हेतु जिला स्तर पर 12 दिसंबर 2024 से 13 दिसंबर 2024 तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि भवन सभागारआरा में किया गया। इस कार्यक्रम में शत्रुघ्न साहू,जिला कृषि पदाधिकारी राज कुमार, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण, राणा राजीव रंजन, उप परियोजना निदेशक आत्मा, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी,प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक और अन्य सभी कृषि कर्मी उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी