
बिहटा। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच बाढ़, भूमि धंसने और पर्यावरण संरक्षण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अब आधुनिक भू-स्थानिक तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके जरिए शहरों के विकास, भूमि प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों की निगरानी को अधिक सटीक बनाया जा सकेगा। इसी उद्देश्य से आईआईटी पटना में सोमवार को भारत और श्रीलंका के विशेषज्ञों की पांच दिवसीय द्विपक्षीय कार्यशाला शुरू हुई।
17 से 21 नवंबर तक आयोजित कार्यशाला का विषय ‘शहरी पर्यावरण स्थिरता के लिए भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों का अनुप्रयोग’ है। उद्घाटन भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोने ने किया। उन्होंने भारत और श्रीलंका के दो हजार वर्ष से अधिक पुराने सभ्यतागत संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच ज्ञान और संस्कृति का आदान-प्रदान ऐतिहासिक रूप से मजबूत रहा है। आधुनिक शहरी विकास की चुनौतियों से निपटने में भू-स्थानिक तकनीक की उपयोगिता पर भी उन्होंने जोर दिया।

बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजया लक्ष्मी ने कहा कि पहले भूमि सर्वेक्षण और शहरी नियोजन कागजी अभिलेखों पर निर्भर थे, लेकिन आधुनिक तकनीक ने इस प्रक्रिया को अधिक तेज और सटीक बनाया है।
आईआईटी पटना के डीन (प्रशासन) प्रो. अवलेंद्र कुमार ठाकुर ने दोनों देशों के शैक्षणिक संबंधों को और मजबूत करने की बात कही। कोलंबो विश्वविद्यालय के नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे प्रो. लसंथा मानवदु ने बाढ़, भूमि धंसने और टिकाऊ विकास जैसी साझा चुनौतियों पर संयुक्त शोध की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला में LiDAR, ArcGIS और Google Earth Engine जैसी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका आयोजन डॉ. अक्षर त्रिपाठी और डॉ. पापिया राज कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में आईआईटी पटना के रजिस्ट्रार डॉ. महेशकुमार एच. कोलेकर सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे।
रिपोर्ट कलीम अंसारी
