फुलवारी शरीफ: जानीपुर थाना क्षेत्र के अधपा-शोरमपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कुएं में गिरने से 35 वर्षीय मजदूर साकेत रोशन की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अधपा-शोरमपुर निवासी अशोक प्रताप नारायण के पुत्र साकेत रोशन गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार को वह गांव के एक कुएं के समीप बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे कुएं में जा गिरे।
कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर उन्हें कुएं से बाहर निकाला और आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साकेत रोशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले साकेत की अचानक मौत से परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानीपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार