दानापुर के कोथवा स्थित चाणक्य फाउंडेशन कैंपस में शनिवार को “ग्लोबल आइकन अवॉर्ड 2026” सह शिक्षक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद, प्राचार्य और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए। समारोह में शिक्षा व्यवस्था, शिक्षक सशक्तिकरण और शैक्षणिक सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम का उद्घाटन चाणक्य फाउंडेशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के निदेशक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. दिव्य ज्योति और संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अशोक गगन ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में डॉ. दिव्य ज्योति ने कहा कि वर्षों से प्रतिनिधित्व मिलने के बावजूद शिक्षकों की कई मूलभूत समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने समान वेतन, सेवा सुरक्षा, प्रोन्नति व्यवस्था और शैक्षणिक आधारभूत संरचना को मजबूत करने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय अब केवल आश्वासनों से नहीं, बल्कि ठोस काम और जवाबदेही चाहता है। डॉ. दिव्य ज्योति ने शिक्षक सशक्तिकरण यात्रा को पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न जिलों और शिक्षण संस्थानों तक ले जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह अभियान शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों को एक मंच देने का काम करेगा।

वहीं, डॉ. अशोक गगन ने कहा कि शिक्षक समुदाय को ईमानदार और सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा सुधार और शिक्षक हित के अभियान में एकजुट होने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए शिक्षकों एवं प्राचार्यों को सम्मानित किया गया। उन्हें एकेडमिक एक्सीलेंस एंड लीडरशिप अवार्ड, नेशन बिल्डर अवार्ड और विद्या ज्योति अवार्ड सहित कई श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया गया। मंच संचालन साहित्यकार हेमंत कुमार ने किया। मौके पर डॉ. अर्जुन सिन्हा, डॉ. गुड़िया झा, दिव्यांशु शांडिल्य, अमरेंद्र पासवान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

ब्यूरो रिपोर्ट