
पटना। फुलवारी शरीफ के चौहरमल नगर स्थित चौहरमल पार्क में आगामी 7 एवं 8 अप्रैल 2026 को शिरोमणि बाबा चौहरमल की 41वीं राष्ट्रीय दो दिवसीय जयंती महोत्सव मनाया जाएगा। इसे लेकर शिरोमणि बाबा चौहरमल स्मारक निर्माण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष भाई दिनेश पासवान ने की। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी वैशाख माह की पावन बेला में बाबा चौहरमल जयंती महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत 7 अप्रैल को चितकोहरा अंबेडकर चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो चौहरमल पार्क, चौहरमल नगर (फुलवारी शरीफ) तक पहुंचेगी। शोभायात्रा में हाथी, ऊंट और घोड़े के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इस दौरान पारंपरिक अंदाज में तलवार, लाठी और भाला के करतब भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो आकर्षण का केंद्र होंगे।
समारोह के पहले दिन 7 अप्रैल (मंगलवार) को शाम 6:30 बजे से चौहरमल पार्क में उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जो देर रात तक चलेगा। वहीं 8 अप्रैल (बुधवार) को शाम 6:30 बजे से समापन समारोह आयोजित होगा। दोनों दिनों की रात में पारंपरिक लोकगाथाओं पर आधारित नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी।
बैठक में उपाध्यक्ष रविन्द्र पासवान, सचिव शैलेन्द्र पासवान, उप सचिव मनोज कुमार रविदास, संयुक्त सचिव सुभाष पासवान, व्यवस्थापक महेश पासवान उर्फ लल्लू जी, राम बाबू पासवान, शैलेश उर्फ गुड्डु पासवान, पिंटू पासवान, राजेन्द्र पासवान, विकल, चंदन, संतोष, अजय, बड़का पासवान, राजेश पासवान, रामानंद पासवान, निवास पासवान समेत कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाबा चौहरमल जयंती समारोह को भव्य, अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें भाग लेकर श्रद्धा व्यक्त कर सकें।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
