
पटना।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) बिहार प्रदेश द्वारा आगामी 29 जून 2025 को राजगीर के हॉकी मैदान के पास स्टेट गेस्ट हाउस में “बहुजन-भीम संकल्प समागम” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने विभिन्न जिलों के ज़िम्मेदार प्रभारियों की सूची जारी कर दी है, जिसमें प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को ज़िलावार ज़िम्मेदारी सौंपी गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पार्टी के संसदीय बोर्ड के प्रदेश महासचिव आनंद सिंह ने कहा कि “यह आयोजन सामाजिक न्याय, संगठन की मजबूती और बाबा साहब के विचारों के प्रचार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संगठन की दिशा तय करेगा। हर ज़िले में नियुक्त प्रभारी जिला में संगठन को मज़बूत करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।” आनंद सिंह ने आगे बताया कि राजगीर का यह कार्यक्रम सिर्फ़ एक आयोजन नहीं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक मिशन है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संसदीय बोर्ड प्रदेश अध्यक्ष हुलास पांडेय ने बताया कि सभी ज़िला प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने अपील की है कि सभी संबंधित जिला प्रभारी और सह प्रभारी समय रहते राजगीर पहुँचकर तैयारी को अंतिम रूप दें और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।
ब्यूरो रिपोर्ट