
सारण।
सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने हथियार निर्माण के कई उपकरण, अर्ध-निर्मित हथियार और कुछ तैयार हथियार बरामद किए। फैक्ट्री का संचालन सुमन ठाकुर नामक व्यक्ति कर रहा था, जिसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
यह खुलासा तब हुआ जब मुफस्सिल थाने में गिरफ्तार एक आरोपी ने जानकारी दी कि मुरली सिरसिया गांव में सुमन ठाकुर के घर से हथियार खरीदे गए थे। इस सूचना पर भेल्दी और मुफस्सिल थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से सुमन ठाकुर के घर पर छापेमारी की। छानबीन के दौरान अवैध हथियार बनाने का सामान और तैयार हथियार बरामद हुए।
मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान ने बताया कि सुमन ठाकुर का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही लंबा है और उसके खिलाफ भेल्दी थाने में कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि वह माओवादियों को हथियार सप्लाई करता था।
सुमन ठाकुर को जेल भेज दिया गया है, और पुलिस अब इस गन फैक्ट्री से जुड़े अन्य संदिग्धों और हथियारों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि ये हथियार किन क्षेत्रों में भेजे जाते थे और ग्राहक कौन थे।
ब्यूरो रिपोर्ट