फुलवारी शरीफ। पटना-औरंगाबाद मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-139 पर मंगलवार सुबह जानीपुर थाना क्षेत्र के नकटी भवानी मंदिर के समीप स्कॉर्पियो और इनोवा कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह दोनों वाहन तेज रफ्तार से पटना-औरंगाबाद मार्ग पर गुजर रहे थे। नकटी भवानी मंदिर के पास पहुंचते ही किसी कारणवश दोनों वाहनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे आमने-सामने टकरा गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहां पहुंचने पर देखा गया कि कई लोग गाड़ियों के भीतर फंसे हुए मदद के लिए पुकार रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों के दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की सक्रियता से समय रहते सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर किया गया। उनकी पहचान रामाशीष बैठा (पिता- नरेश बैठा), निवासी केनहर, रिजवान अनवर (पिता- अलाउद्दीन अंसारी), निवासी बिबरा तथा सलामत अंसारी (पिता- जहूर अंसारी), निवासी बिबरा, जिला रोहतास के रूप में हुई है। वहीं सच्चिदानंद सिंह, निवासी पलामू (झारखंड) तथा विनोद कुमार सिंह, निवासी राजपोट नगर, जिला वैशाली का इलाज गंगाराम अस्पताल में चल रहा है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-139 पर लंबा जाम लग गया, जिससे वाहनों की कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट