पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय, मीठापुर के सहायक कुल सचिव मो. सनाउल्लाह खान को 2.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी उसके कार्यालय कक्ष से की गई, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 046/26 के तहत की गई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की मुख्यालय टीम ने मामले में पूर्व से दर्ज शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के बाधोपुर निवासी रामानंद महतो ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि मौलाना मजहरूल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में केआरसी-402 एवं 403 के छात्रों का परीक्षाफल प्रकाशित होने के बावजूद प्रायोगिक परीक्षा के अंक नहीं जोड़े गए थे। लंबित रिजल्ट जारी कराने के बदले सहायक कुल सचिव द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया, जिसमें मामला प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद कांड दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
धावादल ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को 2 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत लेते समय उसके कार्यालय कक्ष से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।
निगरानी अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट