फुलवारी शरीफ। टहल टोला इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने मंगलवार को दुखद मोड़ ले लिया। सिर पर बैट से हमला होने के बाद गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय किशोर विशाल चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और पटना के एक निजी अस्पताल में जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बालक को निरुद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम मोहल्ले के बच्चे टहल टोला के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बच्चों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी बीच मोहल्ले का ही रजनीश झा (करीब 16 वर्ष) अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और विवाद में शामिल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाली-गलौज के बाद रजनीश ने क्रिकेट बैट से विशाल चौहान के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से विशाल मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी।
परिजन घायल किशोर को तत्काल राजा बाजार स्थित पारस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए आईसीयू में भर्ती किया। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
मृतक विशाल चौहान, ऋषि चौहान का इकलौता पुत्र था। वह मूल रूप से नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव का रहने वाला था और फिलहाल परिवार के साथ टहल टोला में रह रहा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है।
इधर मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में मौजूद परिजन आक्रोशित हो उठे। उनका आरोप था कि अस्पताल प्रबंधन ने सही स्थिति समय पर नहीं बताई और इलाज के नाम पर लगातार पैसे की मांग की जाती रही। नाराज परिजन आईसीयू में घुस गए और शव को बेड समेत बाहर सड़क पर ले आए।
इसके बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की, स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की की और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर शास्त्रीनगर और फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के मामा ओम प्रकाश और परिजन राम बालक चौहान के बयान पर फुलवारी शरीफ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कांड संख्या 727/26 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी बालक को निरुद्ध कर लिया है।
थानाध्यक्ष गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि किशोर की मौत और अस्पताल में हुए हंगामे, दोनों मामलों की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट