
धमदाहा में महात्मा गांधी पब्लिक स्कूल का 36वां स्थापना दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल रहा, जहां बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
शनिवार को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मंच पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि उपस्थित अभिभावक, शिक्षक और अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए। देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपरा और लोकनृत्य पर आधारित प्रस्तुतियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की सुंदर झलक पेश की।
कहीं राजस्थान की लोक संस्कृति की झांकी दिखी, तो कहीं पंजाब की ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति ने तालियां बटोरी। बच्चों के आत्मविश्वास और कला ने हर किसी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा दसवीं की छात्रा साधना मिश्रा ने शिक्षा के महत्व पर प्रभावशाली विचार व्यक्त किए। उसने कहा, “शिक्षा इंसान को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाती है। जिस व्यक्ति के पास शिक्षा नहीं है, वह पशु के समान है।” साधना ने यह भी कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उसके विचारों को सुनकर उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से उसका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थापना दिवस समारोह ने न सिर्फ बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि शिक्षा और संस्कार के महत्व को भी मजबूती से सामने रखा।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
