पटना के पचरुखिया थाना क्षेत्र में शादी समारोह में शामिल होने आई एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग बच्ची अपने ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। शनिवार की रात करीब 10 बजे गांव के ही दो युवकों ने उसे जबरन बोलेरो गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पचरुखिया थाना पुलिस को जानकारी दी। थाना अध्यक्ष विक्रम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर पुलिस ने चार घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चक बिहारी गांव निवासी नीरज Kumar (पिता- टुनटुन महतो) और सत्येंद्र दास (पिता- बिरजू दास) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच को मजबूत करने के लिए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जहां से साक्ष्य एकत्र किए गए। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पटना सदर-2 के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच पारदर्शिता के साथ की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस हर स्तर पर कार्रवाई कर रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट