फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के शोभा कुंज अपार्टमेंट में रहने वाले एक ज्वेलर्स कारोबारी के साथ बाइक चोरी और उसके बाद अपराधियों द्वारा लगातार धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शोभा कुंज अपार्टमेंट निवासी नवीन कुमार, पिता श्याम किशोर गुप्ता, की यामाहा एफजेड बाइक (नंबर BR01EW-2109) 25 अप्रैल को अपार्टमेंट परिसर से अचानक गायब हो गई। बाइक नहीं मिलने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
फुटेज में साफ दिखाई दिया कि बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक अपार्टमेंट पहुंचे और नवीन कुमार की बाइक लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने फुटेज देखकर दोनों की पहचान राजन और रोशन कुमार के रूप में की। बताया गया कि दोनों खोजा इमली स्थित हनुमान मंदिर के पीछे किराये के मकान में रहते हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों आरोपियों का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया। इसके कुछ ही समय बाद चोरी की गई यामाहा बाइक को फिर से अपार्टमेंट परिसर में लाकर खड़ा कर दिया गया।
आरोपियों ने बाइक वापस करते समय इसे “गलती से ले जाने” की बात कही, लेकिन पीड़ित पक्ष ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया। इसी दौरान डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों युवक वहां से फरार हो गए।
पीड़ित नवीन कुमार ने बताया कि इसके बाद से आरोपी लगातार मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उनका आरोप है कि बदमाश उनकी ‘एसआरपी ज्वेलर्स’ दुकान को लूटने की धमकी भी दे रहे हैं।
घटना से पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। नवीन कुमार ने फुलवारी शरीफ थाना में लिखित शिकायत देकर अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट