
दानापुर नगर के जजेज कॉलोनी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में एक प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा करना था।
इस संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पटना उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुण कुमार मौजूद रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह राजेन्द्र प्रसाद ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघचालक शिव कुमार सिंह ने की।
अपने संबोधन में राजेन्द्र प्रसाद ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके विस्तार और समाज जीवन में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर निर्धारित “पंच परिवर्तन” विषय को राष्ट्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए समाज में सकारात्मक परिवर्तन आवश्यक है। सामाजिक समरसता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि समाज में विविधता स्वाभाविक है, लेकिन भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी वर्गों के बीच एकता, समानता और अपनत्व की भावना ही मजबूत समाज की पहचान है।
परिवार व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की परंपरा समाज की शक्ति हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान समय में परिवारों का विखंडन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में परिवार संस्था को फिर से मजबूत करने की जरूरत है, ताकि सामाजिक मूल्यों और संस्कारों की रक्षा हो सके।
पर्यावरण संरक्षण को भी उन्होंने अत्यंत जरूरी बताते हुए कहा कि केवल चर्चा से काम नहीं चलेगा, बल्कि व्यक्तिगत स्तर पर संकल्प लेना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने की परंपरा शुरू करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिल सके।
नागरिक कर्तव्यों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कानून का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क पर बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ना या नियमों की अनदेखी करना केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अनुशासित नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम में पटना विभाग के विभाग प्रचारक राहुल, जिला कार्यवाह अविनाश, कार्यक्रम संयोजक आशुतोष, जिला संपर्क टोली के सदस्य अभिषेक रंजन, नगर कार्यवाह विजय पांडेय सहित कई स्वयंसेवक और समाज के प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे। संगोष्ठी के दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और नागरिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
ब्यूरो रिपोर्ट
