पटना जिले के बिहटा-आरा रोड स्थित शंकर टाटा शोरूम में शनिवार को बहुप्रतीक्षित टाटा सियरा की भव्य लॉन्चिंग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक जगत के कई प्रमुख लोग शामिल हुए। केक काटकर और फीता काटकर नई टाटा सियरा को आधिकारिक रूप से शोरूम में लॉन्च किया गया, जिसके बाद ग्राहकों और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर बिक्रम विधानसभा के पूर्व विधायक रामजन्म शर्मा, जदयू के वरिष्ठ नेता नन्द किशोर कुशवाहा, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रिंकू सिंह, पूर्व एमएलसी संजय सिंह, कृष्ण सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नई टाटा सियरा के लॉन्च पर खुशी जताते हुए इसे ग्राहकों के लिए शानदार विकल्प बताया।
बताया गया कि टाटा सियरा, टाटा मोटर्स की सबसे चर्चित और पुराने मॉडलों में से एक रही है, जिसे अब कंपनी ने पूरी तरह नए और आधुनिक रूप में फिर से बाजार में उतारा है। इस नई सियरा में आधुनिक तकनीक, आकर्षक डिजाइन और दमदार फीचर्स का बेहतरीन संयोजन देखने को मिल रहा है।

यह मॉडल पेट्रोल और डीजल दोनों वेरिएंट में उपलब्ध है। इसकी शुरुआती कीमत लगभग 13 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए 24 लाख रुपये तक रखी गई है। खासकर टॉप वेरिएंट में 360 डिग्री कैमरा, एडवांस सेफ्टी फीचर्स, प्रीमियम इंटीरियर, डिजिटल डिस्प्ले, स्मार्ट कनेक्टिविटी और कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जो आज के ग्राहकों को काफी आकर्षित कर रही हैं।
कंपनी अधिकारियों ने बताया कि जनवरी में राष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च के बाद अब देशभर के टाटा शोरूम में इसे उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राहकों के बीच इस मॉडल की भारी मांग देखी जा रही है। लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कई ग्राहकों को अपनी पसंदीदा मॉडल और वेरिएंट के लिए इंतजार भी करना पड़ रहा है।
शंकर टाटा के रूलर सेल मैनेजर नीतिश शर्मा ने बताया कि ग्राहकों की प्रतिक्रिया बेहद सकारात्मक है और लॉन्चिंग के पहले दिन से ही लोगों में इस गाड़ी को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि टाटा सियरा का नया अवतार निश्चित रूप से बाजार में एक नई पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर धीरज कुमार, अभय कुमार, अभिमन्यु कुमार, आदर्श कुमार सहित कंपनी के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राहक भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने नई टाटा सियरा के साथ तस्वीरें लेकर इस खास पल को यादगार बनाया।

निशांत कुमार की रिपोर्ट