पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में रविवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मूसेपुर पंचायत के नारायणपुर गांव निवासी 22 वर्षीय विकास कुमार (पिता–शंकर राय) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि बिहटा बाजार स्थित दवा महल और उदय चित्र मंदिर सिनेमा हॉल के पीछे नहर किनारे झाड़ियों में लोगों की नजर शव पर पड़ी। शव मिलने की सूचना फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि विकास की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए उसकी मौत संदिग्ध लग रही है। परिजनों ने साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
विकास कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। घटना के बाद पत्नी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट