
पटना। रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके पास से चोरी की सात मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित कर चौक-चौराहों, बैंक परिसर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी अभियान के दौरान 17 अप्रैल को बैंक ऑफ इंडिया, रामकृष्णानगर के समीप एक युवक को अपाची बाइक चोरी कर भागने की कोशिश करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमर कश्यप के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने पूरे गिरोह और उसके अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर गया जिले के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई, जहां से सुमित कुमार, विपुल कुमार, सन्दु राज, छोटू कुमार, सन्नी कुमार, कुंदन कुमार, साहिल कुमार, सत्यम कुमार और रितिक कुमार समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
रामकृष्णानगर थाना कांड संख्या 377/26, दिनांक 17 अप्रैल 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से हीरो स्प्लेंडर, पल्सर, अपाची और होंडा शाइन समेत कुल सात चोरी की बाइक बरामद की हैं।
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह एक संगठित अंतरजिला बाइक चोर गिरोह है, जो पटना और आसपास के जिलों में सक्रिय था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष मिथुन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
