पटना। फुलवारी शरीफ नगर परिषद की शनिवार को आयोजित मासिक बैठक में शहर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था और बढ़ती आबादी के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में स्थानीय विधायक श्याम रजक, नगर परिषद सभापति आफताब आलम, कार्यपालक पदाधिकारी समेत सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक श्याम रजक ने कहा कि फुलवारी शरीफ तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है और इसे स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बिहटा-सरमेरा पथ, राष्ट्रीय राजमार्ग-139 तथा पटना-बक्सर फोरलेन परियोजना के कारण फुलवारी शरीफ राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार बन चुका है।

उन्होंने कहा कि AIIMS Patna, महावीर कैंसर संस्थान, खानकाह मुजीबिया और इमारत-ए-शरिया जैसे प्रमुख संस्थानों की मौजूदगी के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों के सामने शहर की साफ-सुथरी और व्यवस्थित छवि प्रस्तुत करना बेहद जरूरी है।
श्याम रजक ने कहा कि नगर परिषद फुलवारी शरीफ को राज्य की नंबर वन नगर परिषद बनाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। इसके लिए जनभागीदारी सबसे जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़कों पर कचरा फेंकने, नालों में प्लास्टिक डालने और सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने जैसी आदतों को बदलना होगा।

उन्होंने बताया कि फुलवारी शरीफ थाना गोलंबर, शहीद भगत सिंह चौक और एम्स गेट के पास निर्माणाधीन सद्भावना चौक समेत प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, ताकि शहर और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखे।
नगर परिषद सभापति आफताब आलम ने कहा कि सफाईकर्मी दिन-रात अलग-अलग शिफ्टों में शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई कार्य में जुटे हैं। नालों की सफाई, कचरा उठाव और सड़कों की नियमित सफाई लगातार कराई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सफाई कर्मियों का सहयोग करें और किसी भी समस्या की जानकारी सीधे नगर परिषद को दें।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां भी सफाई व्यवस्था में कमी मिलेगी, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर फुलवारी शरीफ को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर परिषद के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने विभिन्न वार्डों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने और स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।