
दानापुर। खगौल थाना क्षेत्र में गुजरात के स्वर्ण व्यवसायी से 14.90 किलो सोना लूट मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन लाइनर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर एक स्कॉर्पियो और एक स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों लूटकांड में शामिल मुख्य अपराधियों की मदद कर रहे थे।
गिरफ्तार लोगों में सुल्तानपुर चौकी निवासी विकास कुमार, बिस्कुट फैक्ट्री रोड, नासरीगंज निवासी दीपू कुमार तथा यदुवंशी नगर निवासी चिंटू कुमार शामिल हैं। चिंटू गोला रोड स्थित रॉयल ब्रदर्स होटल में मैनेजर है। थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि विकास, दीपू और चिंटू लाइनर के रूप में काम कर रहे थे। इनका काम मुख्य आरोपितों को ठहराना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और घटना के बाद सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना था। घटना से पहले होटल में ही पूरी योजना पर बैठक हुई थी।

गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों को उस समय दबोचा, जब वे स्कॉर्पियो से दिल्ली भागने की तैयारी में थे। बरामद स्कॉर्पियो विकास के पिता के नाम पर है। जांच में यह भी सामने आया है कि होटल में बिना पहचान पत्र के लोगों को ठहराया जाता था, जिससे आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता था। दीपू के घर से बरामद स्कूटी चोरी की बताई जा रही है।
गौरतलब है कि 4 अप्रैल को खगौल आरओबी के पास बदमाशों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर गुजरात के राजकोट के स्वर्ण व्यवसायी के कर्मचारियों से 14.90 किलो सोना लूट लिया था। इससे पहले पुलिस 5.403 किलो सोना बरामद कर तीन आरोपितों को जेल भेज चुकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
