
पटना। बिहटा के नेउरा थाना पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त सरोज कुमार उर्फ फुदन सिंह है, जो छितरौली गांव के स्वर्गीय सुरेश कुमार सिंह का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उसके खिलाफ इश्तेहार भी जारी किया गया था।
मामला वर्ष 2013 का है, जब बिहटा थाना क्षेत्र के अहियापुर निवासी मुखिया शैलेश सिंह के पुत्र की बारात छितरौली गांव पहुंची थी। बारात के दौरान आयोजित नाच कार्यक्रम में आरोपी ने हर्ष फायरिंग की थी। इस दौरान चली गोली गांव के ही देवेन्द्र सिंह के छोटे भाई को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
नेउरा थाना प्रभारी जगदीप राणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट
