
पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी 25 वर्षीय सुशांत सिंह पिछले छह महीनों से लापता हैं। सुशांत, श्रीकांत सिंह के सबसे छोटे पुत्र थे और अपने मेहनत, सरल स्वभाव और लगन के कारण पूरे परिवार के चहेते थे। वह बिहटा के कई इलाकों से दूध कलेक्ट कर दानापुर के उसरी बाजार में “दूधवाला” नाम से अपना छोटा कारोबार चलाते थे। दूध को कलेक्शन के बाद बोतलबंद कर पटना के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे।

परिजनों के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 को सुशांत अपनी बहन के घर भोजपुर जिले के बबुरा थाना क्षेत्र के बबुरा गांव आए थे। 27 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह यह कहकर घर से निकले कि बाजार से कुछ सामान लेकर आते हैं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार के बाद जब वह नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के सभी संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। उसी दिन से उनका मोबाइल नंबर 9241382636 और 6200854022 भी बंद आ रहा है।
बहन के परिजनों ने बबुरा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक उन्हें खोज नहीं सकी। जिसके बाद परिवार गहरे सदमे में है।

बड़े भाई रविरंजन कुमार ने बताया कि,” हम तीन भाई और दो बहनें हैं, जिसमें सुशांत सबसे छोटा और बेहद होनहार था। घर के सभी लोग आज भी उसकी सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं।” परिवार ने प्रशासन से खोजबीन तेज कर जल्द सुशांत को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है।
वहीं, बबुरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि, “परिजनों के आवेदन पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर फिलहाल बंद पाए गए हैं। पुलिस सीडीआर सहित अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि युवक को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जा सके।”
ब्यूरो रिपोर्ट
