
दानापुर।
नगर क्षेत्र में मानसून के दौरान होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए नगर परिषद ने तैयारी तेज कर दी है। इसको लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों के बीच विस्तृत मंथन हुआ और जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार ने की।
अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि शहर के सभी प्रमुख और सहायक नालों की सफाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। खास तौर पर हाथीखाना से सैनिक कॉलोनी और जीडी गोयनका से आरकेपुरम तक के मुख्य नालों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
इसके अलावा बड़े नालों से छोटे नालों को जोड़ने, ह्यूम पाइप, पंप और स्लैब की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो, ताकि मानसून में आम लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में स्वच्छता पदाधिकारी अपर्णा कुमारी, नगर प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, ब्रजेश सिंह समेत कनीय अभियंता और वार्ड जमादार मौजूद रहे। परिषद ने संकेत दिया कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
ब्यूरो रिपोर्ट
