संपतचक। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर संपतचक प्रखंड के भोगीपुर-चकपुल स्थित एकता स्थल के समीप मिशन नौनिहाल सम्मान द्वारा संचालित निःशुल्क ट्यूशन केंद्र में “अंबेडकर अमृत प्रसादोत्सव” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम ने सामाजिक जागरूकता, समानता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया।

आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने बाबासाहेब के चित्र पर श्रद्धापूर्वक दुग्ध अर्पित किया। इसके पश्चात उसी दुग्ध को “अमृत प्रसाद” के रूप में ग्रहण करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग—शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर” फिल्म का सार्वजनिक प्रदर्शन रहा। फिल्म ने विशेषकर बच्चों और युवाओं के भीतर आत्मसम्मान, संघर्षशीलता और सामाजिक परिवर्तन की भावना को और अधिक मजबूत किया।
इस अवसर पर मिशन नौनिहाल सम्मान के संस्थापक-संरक्षक सुखदेव बाबू, रॉकी मुखिया, बिनेश पासवान, प्रियंका सिंह, शिक्षिका मिन्ता कुमारी पासवान, तृषा कुमारी पासवान, रुपा कुमारी पासवान, काजल कुमारी पासवान, लालमोहन पासवान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट