
बिहटा (पटना), 15 अप्रैल। केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी पटना के कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा (सत्र 2025-26) का परिणाम इस वर्ष बेहद शानदार रहा। विद्यालय ने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। सभी 35 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं, जिससे विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया है।
जारी परीक्षा परिणाम के अनुसार छात्र अतुल्य झा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बेस्ट पांच विषयों में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने कुल 500 में से 494 अंक प्राप्त कर विद्यालय में नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। द्वितीय स्थान पर उज्ज्वल झा रहे, जबकि सुमंत त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

इस वर्ष का परिणाम पिछले सत्र की तुलना में और अधिक बेहतर रहा है। सत्र 2024-25 में विद्यालय के टॉपर्स के अंक लगभग 96 प्रतिशत के आसपास थे, जबकि इस बार छात्रों ने 98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार का प्रमाण दिया है। कुल 35 विद्यार्थियों में से 10 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जो विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
विषयवार प्रदर्शन भी काफी प्रभावशाली रहा। संस्कृत विषय में तीन छात्रों ने शत-प्रतिशत यानी 100 में 100 अंक प्राप्त किए, जबकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में दो छात्रों ने पूर्णांक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इन उपलब्धियों ने विद्यालय की शैक्षणिक मजबूती को और अधिक स्थापित किया है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जय कुमार झा ने इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि,” यह परिणाम विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित प्रयास और अभिभावकों के सतत सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम बेहतर करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। आने वाले वर्षों में भी विद्यालय इसी तरह उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”
इस उल्लेखनीय सफलता के साथ केन्द्रीय विद्यालय आईआईटी पटना ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। विद्यालय का यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करता है, बल्कि पूरे बिहटा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय भी बन गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट
