
फुलवारी शरीफ: एक ओर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव ने वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है, वहीं स्थानीय स्तर पर भी एलपीजी को लेकर हलचल तेज होती दिख रही है। इसी बीच फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से गैस सिलेंडर चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में आरोपी ने अहम खुलासे किए, जिसके आधार पर संगत पर इलाके में छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद किए।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मौजूदा समय में गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों की बरामदगी गंभीर संकेत दे रही है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी की तैयारी की जा रही थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी के सिलेंडर कहां से लाए जाते थे और किन-किन जगहों पर उनकी सप्लाई की जाती थी।
इधर, क्षेत्र में हाल के दिनों में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर लोगों में पहले से ही चिंता बनी हुई है। ऐसे में इस खुलासे ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है और मामले में बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
