
पटना। राजधानी के फुलवारी शरीफ स्थित वाल्मी परिसर में बुधवार को प्रशासनिक और कौशल विकास व्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल देखने को मिली, जब Nitish Kumar ने बिपार्ड स्किल पार्क के नव निर्मित दक्षता भवन का निरीक्षण किया। करीब एक घंटे तक चले इस दौरे में मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और भवन की उपयोगिता का गहन मूल्यांकन किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न कक्षाओं का दौरा कर प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं को पूरी लगन से सीखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि संस्थान की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें और यहां आने वाले हर प्रशिक्षु को बेहतर माहौल मिले।

मुख्यमंत्री ने स्किल पार्क में उपलब्ध आवासीय सुविधा, मेस व्यवस्था और छात्रावासों का भी जायजा लिया। हिमाद्री छात्रावास सहित अन्य हॉस्टलों की स्थिति पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं की मूलभूत जरूरतों में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

इस मौके पर जल संसाधन मंत्री Vijay Kumar Chaudhary, मुख्य सचिव, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच पूरा परिसर प्रशासनिक गतिविधियों से सक्रिय नजर आया।
गौरतलब है कि बिपार्ड स्किल पार्क में युवाओं के कौशल विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें नेटवर्किंग (CCNA), जेरियाट्रिक केयर, फैशन डिजाइनिंग, कुकिंग (कॉमिस) और बेकिंग तकनीक शामिल हैं। यहां प्रशिक्षुओं को निःशुल्क आवास, भोजन, प्रशिक्षण सामग्री और वर्दी उपलब्ध कराई जाती है, साथ ही विदेशी भाषाओं का भी प्रशिक्षण दिया जाता है।
अब तक सैकड़ों युवाओं को इस पहल के तहत प्रशिक्षित किया जा चुका है, जिनमें से कई को देश-विदेश में रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे संस्थान राज्य के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
