पटना: जानीपुर थाना क्षेत्र के अध्पा गांव के समीप लाल किला मुसहरी में एक आंगनबाड़ी सेविका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मीरा देवी (करीब 35 वर्ष), स्वर्गीय रामनाथ मांझी की पत्नी के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों के अनुसार मीरा देवी पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज फुलवारी शरीफ के एक निजी नर्सिंग होम में कराया जा रहा था। इलाज के दौरान ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद जब शव को गांव लाया गया, तब मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना भेज दिया है।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में महिला के इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक के साथ-साथ चर्चा का माहौल बना हुआ है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट