बिहटा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बिहटा पब्लिक स्कूल में रविवार को नारी शक्ति को समर्पित एक गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं और महिला कर्मियों को उनके समर्पण, मेहनत और समाज निर्माण में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सम्मान का माहौल देखने को मिला।
समारोह में विद्यालय की निदेशिका डॉ. सोनी सिंह ने शिक्षिकाओं करिश्मा कुमारी, यशोदा सिंह, समीरा रजा, जान्हवी कुमारी और सुषमा कुमारी को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन शिक्षिकाओं को विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य निर्माण में उनके योगदान के लिए सराहा गया।
इसके साथ ही विद्यालय प्रबंधन ने उन महिला कर्मियों को भी सम्मानित किया, जो विद्यालय की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अहम भूमिका निभाती हैं। कांति देवी, पार्वती देवी, देवन्ती देवी, पर्मिला देवी और सोनी देवी को मंच पर बुलाकर सम्मान दिया गया।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं समाज के विकास की आधारशिला होती हैं। वहीं निदेशिका डॉ. सोनी सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और शिक्षा ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने की सबसे बड़ी ताकत देती है। समारोह के अंत में सभी ने महिलाओं के सम्मान और समान अवसर देने का संकल्प लिया।

ब्यूरो रिपोर्ट