फुलवारी शरीफ: वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (पटना डेयरी प्रोजेक्ट – सुधा) के प्रांगण में शुक्रवार को संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं सहकारिता आंदोलन के प्रमुख सूत्रधार स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह की 12वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष संजय कुमार तथा प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में संस्था ने सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। उनका किसानों से गहरा जुड़ाव था और वे जीवनपर्यंत किसानों तथा दुग्ध उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे। उन्होंने कहा कि पटना डेयरी प्रोजेक्ट उनके सिद्धांतों और दिखाए मार्ग पर चलते हुए संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रबंध निदेशक रूपेश राज ने कहा कि स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह सहकारिता आंदोलन के अग्रणी नेताओं में थे। अपने सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव के कारण वे किसानों, पदाधिकारियों और कर्मचारियों के बीच अत्यंत सम्मानित थे। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के कारण ही वैशाल पाटलिपुत्र दुग्ध संघ आज एक मजबूत संस्था के रूप में स्थापित है।
इस मौके पर निदेशक मंडल के सदस्य बासुकी नाथ सिंह, कामता यादव, शत्रुघ्न राय, सुरेन्द्र दास, नागेश्वर राय, अवधेश भगत, रीमा देवी, रिंकु देवी, नीला चौधरी, प्रमिला देवी और सीमा कुमारी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।

अजीत कुमार की रिपोर्ट