पटना:  माहे रमज़ान के तीसरे जुमा के मौके पर राजधानी पटना की मस्जिदों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। रोजेदारों ने बड़ी संख्या में नमाज़ अदा कर देश-दुनिया में अमन-चैन, भाईचारा और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
पटना जंक्शन स्थित जामा मस्जिद में तीसरे जुमा की नमाज़ के लिए सुबह से ही रोजेदारों का पहुंचना शुरू हो गया था। नमाज़ के वक्त मस्जिद परिसर और आसपास का इलाका नमाज़ियों से भरा नजर आया। नमाज़ के बाद इमाम ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में शांति बनाए रखने की अपील की।
इसी तरह फुलवारी शरीफ की खानकाह मुजीबिया, संगी मस्जिद, ईसोपुर मस्जिद, नया टोला मस्जिद, शाही जामा मस्जिद, मदारसा मस्जिद, मिल्लत कॉलोनी मस्जिद, हारून नगर मस्जिद और सब्जीबाग मस्जिद समेत शहर की कई मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने तीसरे जुमा की नमाज़ अदा की।
इसके अलावा सुल्तानगंज, आलमगंज, सब्जीबाग, पटना सिटी, कदमकुआं, गर्दनीबाग, अनीसाबाद और फुलवारी शरीफ के विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में भी नमाज़ियों की भीड़ देखी गई। नमाज़ में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हुए।
नमाज़ के बाद रोजेदारों ने अल्लाह से देश और दुनिया में शांति, खुशहाली और इंसानियत कायम रहने की दुआ मांगी। रमज़ान के इस मुकद्दस मौके पर मस्जिदों के आसपास खास रौनक और इबादत का उत्साह भी देखने को मिला।

अजीत कुमार की रिपोर्ट