पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में 3 मार्च से लापता 32 वर्षीय कारपेंटर का शव शुक्रवार को नाले से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से बढ़ई था और दरियापुर इलाके में किराये के मकान में रहता था।
जानकारी के अनुसार राकेश कुमार 3 मार्च से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसकी पत्नी ने परसा बाजार थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे कुरथौल मुसहरी इलाके में देखे जाने की बात कही थी।
शुक्रवार को राजेश्वर विहार कॉलोनी के पीछे नाले में शव होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने उसकी पहचान राकेश कुमार के रूप में की।

थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि शव पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट