
आरा(भोजपुर)। अगर दही खाने का शौक हो और साथ में इनाम जीतने का मौका मिले, तो उत्साह अपने आप दोगुना हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा 17 जनवरी को शहर के कतीरा स्थित आरा डेयरी परिसर में देखने को मिला, जहां हर साल की तरह इस बार भी बहुप्रतीक्षित “दही खाओ ईनाम पाओ प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। सुबह से ही दही प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी और देखते ही देखते पूरा परिसर उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
इस चर्चित प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें बिहार के अलावा झारखंड व अन्य राज्यों से आए प्रतिभागी भी शामिल थे। तीन मिनट की निर्धारित अवधि में अधिक से अधिक सुधा दही खाने की चुनौती ने सभी में जबरदस्त जोश भर दिया। महिला एवं पुरुष वर्ग में अलग-अलग मुकाबले कराए गए, जिसमें 150 से अधिक प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
पुरुष वर्ग में कसाप (भोजपुर) के महेश कुमार ने तीन मिनट में 2 किलो 800 ग्राम दही खाकर प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में दुल्हिनगंज की सरस्वती देवी ने 1 किलो 920 ग्राम दही खाकर बाजी मारी। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राज व विशिष्ट अतिथि एडीएम बलदेव चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में सुधा दही की गुणवत्ता, शुद्धता और स्वास्थ्य लाभ पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया, जिससे यह आयोजन मनोरंजन के साथ जागरूकता का संदेश भी दे गया।
ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी
